RAJESH KUMAR/DAILY JAIPUR TIMES
Jaipur FTI Office Accident: राजधानी जयपुर के बजाज नगर स्थित फॉरेस्ट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट कार्यालय की छत सोमवार शाम अचानक गिर गई। हादसे में 10 से अधिक मजदूर मलबे में दबकर घायल हो गए। सभी को एसएमएस ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर है।

Jaipur FTI Office Roof Collapses: जयपुर: जयपुर में सोमवार शाम को एक बड़ा हादसा हो गया। जवाहर लाल नेहरू मार्ग पर स्थित बजाज नगर इलाके में फॉरेस्ट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (FTI) ऑफिस की छत अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे के वक्त वहां काम कर रहे 10 से अधिक मजदूर मलबे में दबकर घायल हो गए। छत गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों की मदद से फौरन राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे को हटाकर दबे हुए मजदूरों को बाहर निकाला गया।
एसएमएस ट्रॉमा सेंटर में मचा हड़कंप
हादसे के तुरंत बाद सभी घायल मजदूरों को इलाज के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में घायलों के अस्पताल पहुंचने से वहां भी हड़कंप मच गया। स्थिति को संभालते हुए एसएमएस थाना पुलिस और अस्पताल का मेडिकल स्टॉफ तुरंत एक्टिव हुआ और घायलों के इलाज की आपातकालीन व्यवस्था शुरू की गई।
सवाई मानसिंह अस्पताल थानाधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि यह हादसा बजाज नगर इलाके में शाम के समय हुआ, जब एफटीआई ऑफिस में निर्माण या मरम्मत का कार्य चल रहा था।
गंभीर घायल मजदूर विशेष निगरानी में
अस्पताल के डॉक्टरों की एक विशेष टीम सभी घायल मजदूरों के इलाज में जुटी हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक, कुछ मजदूरों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें डॉक्टरों की कड़ी और विशेष निगरानी में रखा गया है। हादसे में लालाराम, राजीव कुमार, नीतीश कुमार, उदित, प्रमोद, बकू, कार्तिक और अशोक समेत कुछ अन्य मजदूर घायल हुए हैं। प्रशासनिक टीम घायलों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।