
कर्नाटक कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर लगातार चल रही अटकलों पर आज विराम लग गया। सिद्धारमैया ने आखिरकार इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया। कर्नाटक का नया मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को बनाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि शिवकुमार को सीएम पोस्ट दिलाने के पीछे प्रियंका गांधी का हाथ है।

बेंगलुरु: कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर चली रही खींचतान पर ब्रेक लग गया है। सिद्धारमैया ने इस्तीफे का ऐलान कर दिया है। कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार बन सकते हैं। सत्ता शेयरिंग का यह विवाद पिछले एक साल से चल रहा है। कहा जा रहा है कि ढाई साल के बाद सिद्धारमैया को पद छोड़ना था लेकिन उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया। जिसके बाद विवाद बढ़ने लगा। इस मामले में सामने आया है कि प्रियंका गांधी वाड्रा के दखल के बाद डीके शिवकुमार की सिद्धारमैया की जगह लेने की कोशिशों को रफ्तार मिली।
सूत्रों ने बताया कि शिवकुमार ने हाल के महीनों में राष्ट्रीय राजधानी के कई दौरे किए, लेकिन इसके बावजूद वह राहुल गांधी को उस कथित समझौते के बारे में समझाने में कामयाब नहीं हो पाए। जिसके तहत उन्हें सरकार के कार्यकाल के बीच में मुख्यमंत्री का पद संभालने की उम्मीद थी।

प्रियंका ने राहुल और सोनिया गांधी से की बात
जब राहुल गांधी से मुलाकात के बाद बात नहीं बनी तो उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने प्रियंका गांधी से संपर्क किया। बताया जा रहा है कि डीके शिवकुमार प्रियंका गांधी को राजी करने में कामयाब रहे। प्रियंका ने, राहुल और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, दोनों को मुख्यमंत्री पद के लिए शिवकुमार के दावे पर विचार करने के लिए राजी किया।
सिद्धारमैया ने सहयोगियों से की थी बात
कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक और प्रशासनिक सुधार आयोग के अध्यक्ष आरवी देशपांडे ने कहा कि सिद्धारमैया ने अपने सहयोगियों को पहले ही अपने फ़ैसले के बारे में बता दिया था, हालांकि कई मंत्रियों और विधायकों ने उनसे इस्तीफा न देने का आग्रह किया था।