Thursday, February 19
Spread the love

VISHNU AGARWAL EDITOR DAILY INDIATIMES DIGITAL JOURNALISM PLATFORM/DAILY JAIPUR TIMES NEWS NETWORK

आईपीएल 2026 में बांग्लादेशी क्रिकेटर को कोलकाता नाइट राइडर्स में शामिल किए जाने को लेकर फिल्म अभिनेता शाहरुख खान विवादों में घिर गए हैं।

Shah Rukh Khan-Bangladeshi Player IPL Row: आईपीएल 2026 (IPL 2026) के लिए बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) में शामिल करने पर फिल्म अभिनेता शाहरुख खान हिंदू संगठनों, धर्मगुरुओं और नेताओं के निशाने पर आ गए हैं। इसी कड़ी में अखिल भारतीय हिंदू महासभा, आगरा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान को लेकर विवादित बयान दिया है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हमारे हिंदू भाइयों को जिंदा जला दिया गया है और यह आदमी उन्हें (बांग्लादेशी खिलाड़ियों को) खरीद रहा है। अगर हमारे भाइयों के साथ ऐसा होता रहा तो हम किसी को नहीं छोड़ेंगे। हमारे भाइयों के साथ जो हो रहा है, वह अन्याय है। जो कोई उसकी जीभ काटकर हमारे पास लाएगा, उसे हम 1 लाख रुपए नकद इनाम देंगे।

धर्मगुरुओं और राजनेताओं के निशाने पर शाहरुख

आपको बता दें कि अखिल भारतीय हिंदू महासभा, आगरा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर से पहले धर्मगुरुओं देवकीनंदन ठाकुर और जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने भी फिल्म अभिनेता शाहरुख खान के खिलाफ नाराजगी जताई थी।

जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने हाल ही में कहा कि शाहरुख खान हीरो नहीं हैं। उनका कोई चरित्र नहीं है। वे गद्दारों जैसे काम कर रहे हैं। वहीं देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि एक टीम मालिक का दिल इतना पत्थर कैसे हो सकता है कि वह उस देश के खिलाड़ी को अपनी टीम में शामिल करे, जहां हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है।वहीं भाजपा नेता संगीत सोम ने कहा, हिंदुओं को बांग्लादेश में चुन-चुनकर मारा जा रहा है। ऐसे में वहां के खिलाड़ियों को खरीदना देश के साथ गद्दारी है। शाहरुख जैसे लोग गद्दार हैं। कभी ये पाकिस्तान का समर्थन करते हैं तो कभी बांग्लादेश का। हिंदुओं पर अत्याचार करने वाले हर उस देश का ये समर्थन करते हैं। ये नहीं जानते कि आपको सुपरस्टार भारत के लोगों ने बनाया है।

उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) ने भी इस मुद्दे पर उनके खिलाफ बयान दिया है। शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने एक बयान में कहा कि अगर अभिनेता उस खिलाड़ी को अपनी टीम से बाहर कर देते हैं तो इसमें कोई समस्या नहीं होगी और इससे शाहरुख खान की छवि को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी और पाकिस्तानी खिलाड़ियों को भारतीय धरती पर आईपीएल खेलने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए।

बांग्लादेश में चुनाव से पहले हिंदुओं समेत अल्पसंख्यकों पर लगातार हमलों की खबरें दुनिया भर में सुर्खियों में बनी हुई हैं। बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या और बर्बरता के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, जिससे भारतीयों में काफी गुस्सा है। ऐसे में लोग आईपीएल में बांग्लादेशी खिलाड़ियों पर बैन लगाने की मांग करने लगे हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version