अमेरिका में हिंदू समुदाय पढ़ाई-लिखाई के मामले में यहूदियों से भी आगे है। प्यू रिसर्च की लेटेस्ट रिलीजियस लैंडस्केप स्टडी में इस बारे में जानकारी सामने आई है। स्टडी में धार्मिक समुदायों की पढ़ाई-लिखाई की जांच की गई।

वॉशिंगटन: अमेरिका में हुई नई स्टडी से पता चला है कि हिंदू सबसे ज्यादा पढ़ा-लिखा धार्मिक समुदाय है। प्यू रिसर्च की रिलीजियस लैंडस्केप स्टडी (RLS) में सामने आया है कि अमेरिका में हिंदू समुदाय पढ़ाई-लिखाई के मामले में यहूदियों से भी आगे है। इस एनालिसिस में अमेरिका के बड़े धार्मिक समुदायों में पढ़ाई-लिखाई की जांच की गई। प्यू रिसर्च सेंटर ने बताया कि साल 2023-24 की यह स्टडी अमेरिका में धर्म और पब्लिक लाइफ से सबसे बड़े सर्वेक्षणों में से एक है। वॉशिंगटन स्थित थिंक टैंक ने 19 फरवरी को इस स्टडी के नतीजे सार्वजनिक किए हैं।
70 फीसदी हिंदुओं के पास बैचलर डिग्री
रिसर्च की स्टडी के अनुसार, 10 में से सात हिंदुओं (70 प्रतिशत) ने बैचलर डिग्री या उससे ज्यादा पढ़ाई की है। इसके बाद यहूदी समुदाया है, जिसमें 65 प्रतिशत लोगों के पास बैचलर या उसके ऊपर की डिग्री है। स्टडी से पता चलता है कि अमेरिका में कुल केवल 35 फीसदी लोग ही है, जिन्होंने बैचलर डिग्री या उससे ज्यादा की पढ़ाई की है।
अमेरिका में 35 फीसदी के औसत से ज्यादा पढ़ाई करने वाले दूसरे धार्मिक समूहों में मुस्लिम, बौद्ध और ऑर्थोडॉक्स ईसाई हैं। इन सभी समुदायों में 10 में से चार से ज्यादा लोगों के पास कम से कम बैचलर डिग्री है। स्टडी में जो समूह राष्ट्रीय औसत से नीचे रहे, उनमें इवेंजेलिकल ईसाई, कैथोलिक और पुराने ब्लैक प्रोटेस्टेंट चर्च शामिल हैं।
धार्मिक समूहों में बड़ा अंतर
रिसर्च की रिपोर्ट अमेरिका में धार्मिक समूहों के पढ़ाई-लिखाई में बड़े अंतर को दिखाती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इमिग्रेशन और डेमोग्राफिक पैटर्न इन अंतरों को समझने में मदद करते हैं। खासकर हिंदुओं, मुसलमानों और बौद्धों के बीच, जिनमें कई हायर-एजुकेशन या स्किल्ड-वर्कर के रास्ते अमेरिका आए थे। रिलीजियस लैंडस्केप स्टडी को 17 जुलाई 2023 से 4 मार्च 2024 के बीच किया गया था, जिसमें 36908 लोगों ने हिस्सा लिया था।