Kailadevi Lakkhi Fair 2026: कैलादेवी मेले में यात्री परिवहन के लिए राजस्थान परिवहन निगम के जयपुर मुख्यालय ने प्रदेश के 45 डिपो से 300 बसों को लगाया है।
VISHNU AGARWAL/VIJAY KUMAR/RAJASTHAN NEWS/DAILY INDIATIMES


करौली/हिण्डौनसिटी। उत्तर भारत के प्रसिद्ध आस्था धाम कैलादेवी के चैत्र लक्खी मेले में राजस्थान रोडवेज की 300 बसें भक्तों को कैला मां के दरबार पहुंचाएंगी। इसके लिए रोडवेज प्रशासन ने आगरा व हिण्डौन रेलवे स्टेशन सहित चार जिलों में 9 स्थानों पर अस्थाई मेला बस स्टैण्ड स्थापित करने की तैयारियां शुरू कर दी है। 16 मार्च से शुरू हो रहे मेले के लिए 13 मार्च से 3 अप्रेल तक मेला स्पेशल बसों का संचालन होगा। हालांकि, इस बार गत मेले से 50 बसें कम लगाई गई हैं।
रोडवेज सूत्रों के अनुसार कैलादेवी मेले में यात्री परिवहन के लिए राजस्थान परिवहन निगम के जयपुर मुख्यालय ने प्रदेश के 45 डिपो से 300 बसों को लगाया है। मेले में सर्वाधिक यात्री आवक वाले 9 शहरों में स्पेशल मेला बस स्टैण्ड निर्धारित किए हैं। इसके तहत उत्तर प्रदेश के आगरा के ईदगाह, धौलपुर, बाड़ी, झील की देवी, मेहंदीपुर बालाजी, हिण्डौन रेलवे स्टेशन, हिण्डौन बस स्टैण्ड व करौली से दर्शनार्थियों के लिए रोडवेज बस उपलब्ध रहेंगी
रोडवेज के स्थानीय अधिकारियों ने गत दिवस कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्यक प्रबंधक के नाम स्टेशन प्रबंधक को पत्र सौंप पर रेलवे स्टेशन पर मेला बस स्टैण्ड के लिए सफाई व भूमि समतलीकरण का कार्य शुरू कर दिया। जहां मालगोदाम यार्ड के पास मेला बस स्टेण्ड शुरू किया जाएगा।

इधर, मेला में बस सेवा संचालन के लिए रोडवेज मुख्यालय से संभाग यांत्रिक अभियंता सुधीर दीक्षित को मुख्य मेला अधिकारी लगाया है। वहीं यूनिटों के संचालन के लिए लोहागढ़, धौलपुर, उदयपुर, सवाईमाधोपुर, अजमेर आगार, भरतपुर आगार के मुख्य प्रबंधकों सहित अनेक रोडवेज अधिकारियों को लगाया है। मेला स्पेशल बसों में गंतव्य तक यात्रा पर सफर में किराए में 50 प्रतिशत छूट दी जाएगी।
आगरा से चलेंगी 104 बसें
कैला मां के मेले में उत्तर प्रदेश खासतौर पर आगरा मंडल से सर्वाधिक दर्शनार्थी व पदयात्री आते हैं। ऐसे में राजस्थान रोडवेज ने आगरा में मेला बस स्टैण्ड पर सर्वाधिक 104 बसें लगाई हैं। हालांकि छोटे वाहन बढऩे व यूपी रोडवेज की बसें के चलने से इस बार गत वर्ष की तुलना में आगरा यूनिट में 18 बसें कम की हैं। यहां से यात्री भार के अनुसार हर पांच-10 मिनट में चौबीस घंटे बसें संचालित होंगी। वहीं कैलादेवी मेला ग्रांउड से भी आगरा के लिए दो अलग मार्गों से नॉन स्टॉप मेला सेवाएं चलाई जाएंगी।

मेले में लोहागढ़ की सर्वाधिक 20 बसें
कैलादेवी मेले में प्रदेश भर की रोडवेज डिपो से लगाई 300 बसों के बेड़े में भरतपुर की लोहागढ़ डिपो से सर्वाधिक 20 बसें मंगवाई जा रही है। हिण्डौन डिपो की 15 बसें मेला में दौड़ेंगी। वहीं ब्यावर से 14, जयपुर से 12 तथा अलवर, चितौडगढ़़,जोधपुर, कोटा, मत्स्यनगर व नागौर से 10-10 बसें मेला में लगाई हैं