Rahul Gandhi On Indian Foreign Policy: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पीएम मोदी की विदेश नीति पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा है कि आज हम जो देख रहे हैं वह नीति नहीं है। यह एक समझौतावादी व्यक्ति के शोषण का परिणाम है।
VIJAY KUMAR JOURNALIST/DAILY INDIATIMES/NATIONAL NEWS

नई दिल्ली: यूएस-ईरान वॉर के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत की विदेश नीति को लेकर पीएम मोदी और केंद्र सरकार पर हमले तेज कर दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आज विदेश नीति की जो स्थिति है वह एक ‘समझौतावादी व्यक्ति के शोषण’ का परिणाम है। उन्होंने यह टिप्पणी पश्चिम एशिया के युद्ध और अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर की है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘भारत की विदेश नीति हमारे लोगों की सामूहिक इच्छा से आकार लेती है। इसकी जड़ें हमारे इतिहास, हमारे भूगोल और सत्य और अहिंसा पर आधारित हमारे आध्यात्मिक लोकाचार में होनी चाहिए।’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘आज हम जो देख रहे हैं वह नीति नहीं है। यह एक समझौतावादी व्यक्ति के शोषण का परिणाम है
इससे एक दिन पहले अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के दौरान भारत को होने वाली परेशानियों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरा था
राहुल गांधी की ओर से सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया, ‘विश्व एक अस्थिर दौर में प्रवेश कर चुका है। आगे भयंकर संकट मंडरा रहा है। भारत की तेल आपूर्ति खतरे में है, क्योंकि हमारे आयात का 40 फीसदी से अधिक हिस्सा होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरता है। एलपीजी और एलएनजी के लिए स्थिति और भी बदतर है।’
राहुल गांधी ने लिखा, ‘संघर्ष हमारे पड़ोस तक पहुंच गया है, हिंद महासागर में एक ईरानी युद्धपोत डूब गया है। फिर भी प्रधानमंत्री ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है। ऐसे समय में हमें एक स्थिर नेतृत्व की आवश्यकता है। इसके विपरीत भारत के पास एक ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जो समझौतावादी हैं और रणनीतिक स्वायत्तता को त्याग दिया है।’
