Amul Food Destroyed: जयपुर में फूड सेफ्टी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अमूल ब्रांड की 1500 क्विंटल एक्सपायरी खाद्य सामग्री नष्ट कराई। जांच में सामने आया कि एक्सपायरी डेट मिटाकर नए लेबल लगाकर बाजार में बेचने की तैयारी थी।

VIJAY KUMAR JOURNALIST/JAIPUR NEWS/DAILY JAIPUR TIMES NEWS NETWORK
जयपुर: राजधानी में एक्सपायरी खाद्य सामग्री को बाजार में बेचने की तैयारी का बड़ा मामला सामने आया है। सरकार के हेल्पलाइन नंबर 181 पर मिली शिकायत के बाद चिकित्सा विभाग ने खो नागोरियान क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवधिपार खाद्य सामग्री जब्त की।
जांच के दौरान अमूल ब्रांड से जुड़ी करीब डेढ़ लाख किलोग्राम यानी 1500 क्विंटल खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया। इस पूरी कार्रवाई को पूरा करने में चार दिन लगे और जब्त किए गए सामान को 27 ट्रकों में भरकर कचराघर भेजा गया। इतनी बड़ी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य उत्पाद देखकर जांच टीम भी हैरान रह गई।
एक्सपायरी डेट बदलकर बेचने की तैयारी
जांच में सामने आया कि गोदाम में रखे कई उत्पादों की एक्सपायरी डेट मिटाकर नई तारीख डालकर बाजार में बेचने की योजना बनाई जा रही थी। पूछताछ के दौरान आरोपी गगन आहूजा ने बताया कि उसने एक्सपायरी डेट बदलने का तरीका यू-ट्यूब से सीखा था
जानकारी के अनुसार एथलीट डिस्ट्रीब्यूटर द्वारा अवधिपार हो चुकी खाद्य सामग्री को नए कार्टन में पैक कर बाजार में सप्लाई करने की तैयारी की जा रही थी। करीब 4500 नए कार्टन में इन उत्पादों को पैक करने की योजना बनाई गई थी।
12 हजार कार्टन में मिला एक्सपायरी स्टॉक
सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की टीम ने जब गोदाम का निरीक्षण किया तो वहां बड़ी मात्रा में नॉन-डेयरी फूड प्रोडक्ट पाए गए। इनमें नूडल्स, केचअप, मयोनीज और एनर्जी ड्रिंक जैसे उत्पाद शामिल थे।जांच के दौरान करीब 12 हजार कार्टन एक्सपायरी पाए गए। इनमें से लगभग 3000 कार्टन के पैकेट से एक्सपायरी डेट मिटाई जा चुकी थी और उन पर नई तारीख छापकर बाजार में बेचने की तैयारी चल रही थी।
गोदाम में मिले केमिकल और उपकरण
निरीक्षण के दौरान टीम को गोदाम में थिनर, एसीटोन और अन्य केमिकल भी मिले। आशंका है कि इन रसायनों का इस्तेमाल पैकेटों से पुरानी एक्सपायरी डेट मिटाने के लिए किया जा रहा था।जांच के बाद अधिकारियों ने खाद्य सामग्री के नमूने लेकर पूरे स्टॉक, मशीनों और अन्य उपकरणों को जब्त कर लिया। साथ ही गोदाम को सील कर दिया गया और आगे की कार्रवाई तक फूड कारोबार पर रोक लगा दी गई।
औने-पौने दामों पर खरीदा जाता था स्टॉक
मामले में कियारा और एडवनसिस कंपनियों के प्रतिनिधियों को नोटिस जारी किया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि गगन आहूजा उनकी फर्म से नियर एक्सपायरी खाद्य सामग्री कम कीमत पर खरीदता था। बाद में इन उत्पादों की एक्सपायरी डेट हटाकर उन्हें बाजार में बेचने की तैयारी की जाती थी।फर्म द्वारा नगर निगम में नष्टिकरण शुल्क जमा करने के बाद संबंधित खाद्य सामग्री को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।