राजस्थान की माटी ने एक बार फिर दिल्ली की राजनीति में अपनी धमक दिखाई है। विनोद जाखड़ को NSUI का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के ठीक बाद, राजस्थान के एक और युवा चेहरे राहुल यादव को कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जयपुर/दिल्ली। राजस्थान में छात्र राजनीति से लेकर युवा राजनीति तक, कांग्रेस आलाकमान का भरोसा लगातार प्रदेश के युवाओं पर बढ़ रहा है। हाल ही में जयपुर के विनोद जाखड़ को देश के सबसे बड़े छात्र संगठन NSUI की कमान सौंपने के बाद अब युवा कांग्रेस ( Youth Congress ) के सक्रिय नेता राहुल यादव ( Rahul Yadav ) को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमोट किया गया है। राहुल यादव की नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर के तौर पर यह नियुक्ति राजस्थान के उन कार्यकर्ताओं के लिए एक बड़ा संदेश है जो जमीनी स्तर पर पार्टी की विचारधारा को सोशल मीडिया और मुख्यधारा की मीडिया में मजबूती से रखते आए हैं।
मध्य प्रदेश की अहम जिम्मेदारी
राहुल यादव को नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर बनाने के साथ ही मध्य प्रदेश का मीडिया प्रभारी भी बनाया गया है। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में आगामी समय में संगठनात्मक विस्तार और विपक्षी घेराबंदी के लिहाज से मीडिया की भूमिका बेहद अहम है। राहुल यादव अब वहां युवा कांग्रेस की बात को जनता तक पहुंचाने और पार्टी का पक्ष मजबूती से रखने का काम करेंगे।
नेतृत्व का आभार, ‘पूरी निष्ठा से करूंगा काम’: यादव
अपनी नियुक्ति के बाद राहुल यादव ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और युवा कांग्रेस के आलाधिकारियों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “हमारे नेता राहुल गांधी जी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी, भारतीय युवा कांग्रेस के प्रभारी मनीष शर्मा जी, राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब जी और मीडिया चेयरमैन वरुण जी का मैं धन्यवाद ज्ञापित करता हूँ। आपने मुझे जो जिम्मेदारी दी है, मैं पूरी ईमानदारी और निष्ठा से काम करके पार्टी को मजबूती प्रदान करूँगा।”